Jamshedpur : शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती के अवसर पर स्थापित सामाजिक संस्था “शौर्य” की तृतीय वर्षगांठ समारोह आज रामगढ़िया क्लब, साकची के सभागार में भव्य रूप से संपन्न हुआ। संस्थान की स्थापना 28 सितम्बर 2022 को शहीद भगत सिंह के आदर्शों और शौर्य से प्रेरित होकर की गई थी। पिछले तीन वर्षों से यह संस्था समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति और युवा प्रेरणा के क्षेत्र में सक्रिय कार्य कर रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, सेना के ब्रिगेडियर रणविजय सिंह, शिक्षाविद चंदेश्वर खां, रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष विजय सिंह, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के वरुण सिंह एवं सुशील सिंह तथा के.पी.एस. बंसल ने दीप प्रज्वलित कर और भगत सिंह एवं माँ भारती की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थापक अमरजीत सिंह राजा ने की।
पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया
समारोह में पूर्व सैनिकों और वीर शहीदों के परिवारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। शहीद परिवारों एवं पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर संस्था ने समाज को देशभक्ति और सेवा का संदेश दिया। इसके साथ ही खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियाँ अर्जित करने वाले युवाओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

नशामुक्ति और समाज सुधार की पहल
मुख्य अतिथि रघुवर दास ने संस्था के कार्यों की प्रशंसा करते हुए जमशेदपुर को नशा-मुक्त बनाने की जिम्मेदारी शौर्य संस्था को सौंपा। उन्होंने युवाओं को शहर भर में नशा मुक्त अभियान चलाने का आह्वान किया।
महतो ने कहा कि आज भारत सैनिकों को बुलेटप्रूफ जैकेट, स्वदेशी निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल, एयर डिफेंस सिस्टम, ड्रोन और रेल लॉन्चिंग पैड जैसी कई उपलब्धियाँ प्रदान करने में सफल रहा है। उन्होंने संस्था के कार्यों की सराहना की और सहयोग का आश्वासन दिया।
संस्था की वेबसाइट का उद्घाटन
संस्थापक अमरजीत सिंह राजा ने बताया कि आज संस्था की वेबसाइट shauryasanstha.org का उद्घाटन श्री रघुवर दास के हाथों हुआ। वेबसाइट के माध्यम से आमजन संस्था के कार्यों को देख सकते हैं और जुड़ सकते हैं।

शहीद किशन दुबे की प्रतिमा की स्थापना
कीताडीह के लाल शहीद किशन दुबे की प्रतिमा लगाने का मार्ग प्रशस्त हो गया। मंच से अमरजीत सिंह राजा ने प्रतिमा स्थापना का सुझाव रखा, जिस पर रघुवर दास ने मार्ग प्रशस्त किया और सांसद विद्युत वरण महतो ने जल्द इसे धरातल पर करने का वादा किया।
सम्मानित शहीद परिवार
शहीद गणेश हांसदा, शहीद मनोहर कुंकल, शहीद श्याम सुंदर शर्मा, शहीद किशन दुबे, शहीद जितेंद्र कुमार, शहीद मनोज कुमार और शहीद रवि सोरेन के परिवारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में के.पी.एस. बंसल, बलबीर सिंह बबलू, चंद्रशेखर मिश्रा, राम बाबू तिवारी, गुंजन यादव, दिनेश कुमार, मिथलेश सिंह यादव, पवन अग्रवाल, कुलवंत सिंह बंटी, हलधर नारायण साह, संजीव कुमार, कल्याणी शरण, परविंदर सिंह, सुखदेव सिंह मल्ली, पप्पू सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, जयप्रकाश सिंह, बृजभूषण सिंह, जगजीत सिंह, अंकित आनंद, सतबीर सिंह सोमू, चंचल भाटिया, इंद्रजीत सिंह, विष्णु केवर्तो, रीना सिंह, ममता भूमिज, रीटा शर्मा, जीवन लाल साहू, सूरज सिंह और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।









