जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला ही नहीं, पूरे कोल्हान में भव्यता और आस्था के प्रतीक दुर्गा पूजा की तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की नॉर्थ जोन बैठक शनिवार को मानगो स्थित बड़ा हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने की, संचालन अर्जुन शर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन बी.एन. सिंह द्वारा दिया गया।
बैठक में विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने दुर्गा पूजा से जुड़ी समस्याओं और उनकी समाधान संबंधी मांगों को विस्तार से रखा।
बैठक में उठे प्रमुख मुद्दे
- डिमना रोड पर ट्रैफिक जाम – सब्जी विक्रेताओं के कारण उत्पन्न भीड़-भाड़ से पूजा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई गई।
- पुल निर्माण कार्य रोकने की मांग – समिति ने स्पष्ट कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान चल रहे पुल निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोका जाए ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
- झूलते बिजली के तारों की समस्या – समितियों ने बिजली विभाग से आग्रह किया कि अविलंब सभी खतरनाक झूलते तारों को दुरुस्त किया जाए।
- सड़क मरम्मती की जरूरत – मानगो चौक से डिमना चौक तक, विशेषकर मून सिटी के सामने की खराब सड़क की मरम्मती जल्द की जाए।
- शोभायात्रा में वैकल्पिक मार्ग और लाइटिंग व्यवस्था – विसर्जन शोभायात्रा के दौरान सुचारू यातायात और सुरक्षा हेतु वैकल्पिक मार्ग एवं पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
सफाई और पर्यावरण पर विशेष ध्यान
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार मानगो नगर निगम विशेष सफाई व्यवस्था करेगा। निगम सभी पूजा पंडालों में डस्टबिन उपलब्ध कराएगा और सफाई कर्मी नियमित रूप से कचरा उठाएंगे। खासतौर पर माँ को अर्पित पुष्प और पूजा सामग्री को अलग से संकलित कर निष्पादित किया जाएगा, जिससे पर्यावरण प्रदूषण रोका जा सके।
नशामुक्त विसर्जन शोभायात्रा की अपील
केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने सभी समितियों से आग्रह किया कि वे विसर्जन शोभायात्रा में नशामुक्त अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि माँ दुर्गा को गरिमामयी और भावपूर्ण विदाई दी जा सके।
बैठक में महासचिव आशुतोष सिंह, सचिव रामबाबू सिंह, मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद, नगर निगम के सिटी मैनेजर दिलेश्वर यादव, जोनल सचिव अर्जुन शर्मा समेत कई प्रमुख पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें त्रयंबक महादेव मंदिर एवं गांधी मैदान दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष नित्यानंद सिंहा, सुनील सिंह, राजीव सिंह, विनोद राय, अपूर्व पाल, अर्जुन राणा, संतोष सिंह, राजेश सिंह और कृष्ण महाराज भी उपस्थित रहे।