आदित्यपुर नगर निगम में सफाई कर्मियों का हंगामा, न्यूनतम मजदूरी और सुविधाओं की उठाई मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को सफाई कर्मियों ने न्यूनतम मजदूरी दर और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अपनी मांगों के पूरा न होने से नाराज सफाई कर्मियों ने कामकाज ठप कर दिया और संवेदक पर गंभीर आरोप लगाए।

सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें प्रतिदिन मात्र ₹350 की दर से मजदूरी दी जा रही है, जो न तो न्यूनतम मजदूरी मानकों के अनुरूप है और न ही उनके श्रम का उचित मूल्य। इसके अलावा, सभी सफाई कर्मियों को अब तक पहचान पत्र (आईडी कार्ड) नहीं मिले हैं, साथ ही उन्हें भविष्य निधि (पीएफ) और राज्य बीमा (एसआई) जैसी अनिवार्य सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द उनकी मांगें — न्यूनतम मजदूरी दर का भुगतान, सभी सफाई कर्मियों को आईडी कार्ड, और पीएफ व एसआई की सुविधा — पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

संवेदक अरविंद सिंह ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जबकि नगर निगम आयुक्त रवि प्रकाश किसी कार्यवश कार्यालय से बाहर थे। यह विरोध प्रदर्शन आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सफाई कर्मियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को सामने लाता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.