Jamshedpur : अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने “वोट की चोरी” विषय पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का प्रेजेंटेशन प्रोजेक्टर के माध्यम से देखा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने पदाधिकारियों से प्रेजेंटेशन को ध्यानपूर्वक देखने और समझने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस प्रस्तुति से मिली जानकारी को आम जनता तक पहुंचाया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया में हो रही गड़बड़ियों के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा किया जा सके। दुबे ने आरोप लगाया कि कई बुथों में फर्जी नाम जोड़े गए हैं, एक घर में 80-80 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, मतदाताओं के पते और पिता के नाम में हेरफेर की गई है, और कई राज्यों में एक ही व्यक्ति का नाम दो या चार बुथों में दर्ज कर फर्जी मतदान कराया जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि निर्वाचन आयोग मतदान के दिन के सीसीटीवी फुटेज को कांग्रेस पार्टी को सौंपे और फर्जी मतदान में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। साथ ही, वोट चोरी के दम पर बनी सरकार को बर्खास्त करने की भी मांग की।
कार्यक्रम के प्रबंधन में अनुपम सिन्हा, संजय सिंह आजाद और ब्रजेन्द्र कुमार तिवारी शामिल थे। मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, महिला कांग्रेस प्रतिनिधि, एनएसयूआई कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी सदस्य उपस्थित रहे।
