जमशेदपुर, 25 जुलाई —
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत महिला कांग्रेस द्वारा तिलक पुस्तकालय, बिष्टूपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुंजन सिंह उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने अंगवस्त्र भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि “अब समय है कि महिलाएं सिर्फ घर तक सीमित न रहें, बल्कि संगठन की शक्ति बनें और देश की दिशा तय करने में भागीदारी निभाएं।” उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और महिला अत्याचार के मुद्दे पर निशाना साधा।
गुंजन सिंह ने कहा, “मोदी सरकार के शासन में महिलाओं पर अत्याचार, बलात्कार और अधिकारों का हनन बढ़ा है। नारी न्याय यात्रा और रक्त हस्ताक्षर अभियान इसी अन्याय के विरुद्ध एक जनजागरण का प्रयास है।” उन्होंने बताया कि झारखंड के सभी जिलों में यह अभियान सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है।
जिला महिला अध्यक्ष नलिनी सिन्हा ने जानकारी दी कि जमशेदपुर में यह अभियान बड़े स्तर पर शुरू हो चुका है, और अब इसे प्रखंड व मंडल स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। सभी महिला पदाधिकारियों को सक्रिय रूप से तैयारी के निर्देश दिए गए।
बैठक में ऊषा सिंह, नूरजहां वारसी, गायत्री दास, पुनीता चौधरी, सीताराम चौधरी (जिला को-ऑर्डिनेटर), प्रखंड व मंडल अध्यक्षगण मौजूद रहे।









