नि:शुल्क कांवर यात्रा के लिए पंजीयन पूर्ण, 572 महिलाएं व 428 पुरुष होंगे शामिल – 25 जुलाई को जत्था रवाना

SHARE:



जमशेदपुर। सावन मास के पावन अवसर पर इस वर्ष बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के द्वारा आयोजित नि:शुल्क कांवर यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं का पंजीयन कार्य पूर्ण हो गया है। आगामी 25 जुलाई को यह विशाल जत्था सुल्तानगंज से देवघर के लिए रवाना होगा।

बुधवार को सोनारी स्थित बाबा भूतनाथ मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में कुल 1000 श्रद्धालु शामिल होंगे, जिनमें 572 महिलाएं और 428 पुरुष शामिल हैं।

विकास सिंह ने बताया कि यह यात्रा उन श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से है जो प्रतिवर्ष संघ के माध्यम से नि:शुल्क कांवर यात्रा में शामिल होते हैं। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए इस बार विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

यात्रा की खास बातें –

कांवरियों की पहचान के लिए पीले रंग की गंजी और टोपी पहनना अनिवार्य होगा।

प्रत्येक कांवरिए के गले में फोटोयुक्त पहचान पत्र व मोबाइल नंबर की पट्टी होगी।

रेडियम युक्त कपड़े पहने सेवक साइकिल व वॉकी-टॉकी के साथ गश्ती करेंगे ताकि जत्थे से कोई बिछड़े नहीं।

स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक डॉक्टर और दो नर्स की टीम साथ रहेगी।

एक एंबुलेंस को भी जत्थे के साथ रवाना किया जाएगा, जिससे आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।

कांवरिया पथ पर आठ स्थानों पर विश्राम और भोजन के लिए आरक्षित पड़ाव बनाए गए हैं।

प्रत्येक पड़ाव पर निजी जनरेटर की व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

विशेष तौर पर रीवा (मध्यप्रदेश) से कलाकार बुलाए गए हैं जो यात्रा को और आध्यात्मिक बनाएंगे।

कांवरियों की सुविधा हेतु लगभग 150 सेवक ट्रेन से एक दिन पहले सुल्तानगंज रवाना होंगे।


सुविधाओं से सजी यात्रा –

श्रद्धालुओं के लिए कोच बस, ट्रेन और छोटी गाड़ियों की व्यवस्था की गई है, जिससे वे जमशेदपुर से सुल्तानगंज तक आसानी से यात्रा कर सकें।

संवाददाता सम्मेलन में विकास सिंह के साथ किशोर बर्मन, आशुतोष सिंह, अरविंद महतो, प्रकाश वर्मा, छोटेलाल सिंह, अजय लोहार, सुनील सिंह समेत कई महिलाएं और सहयोगी मौजूद रहे जो कांवर यात्रा में शामिल होंगी।


Leave a Comment

और पढ़ें