चाईबासा में ओवरलोड छोटा हाथी पलटा, 28 लोग घायल, कई की हालत गंभीर

SHARE:

Chaibasa : पश्चिम सिंहभूम जिला के पांड्रशाली ओपी थाना अंतर्गत थोलको के पास रविवार दोपहर करीब 3 बजे एक ओवरलोड छोटा हाथी वाहन के पलटने से 28 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

घायलों को तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अत्यधिक गंभीर घायलों को जमशेदपुर रेफर कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लोग एक ही छोटा हाथी में ऊपर-नीचे बैठकर श्राद्ध कर्म में शामिल होने चाईबासा जा रहे थे, जब थोलको के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

घायलों में शामिल प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
रीता देवगम, रितेश केराई, साधु बोदरा, अमन केराई, आरती सुंडी, गोविंद पड़ेया, टुरा पूर्ति, कीर्ति एवं मंजू सहित अन्य कई लोग।

बताया जा रहा है कि सभी यात्री सरायकेला थाना क्षेत्र के कुलुपटांगा गांव के निवासी हैं। घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई है और परिजन अस्पतालों की ओर दौड़ पड़े हैं।

प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के पीछे वाहन का ओवरलोड और लापरवाहीपूर्ण संचालन को कारण बताया है।

Leave a Comment

और पढ़ें