सोनारी में जेएनएसी डिपो का सरयू राय ने किया औचक निरीक्षण, हाजिरी रजिस्टर गायब, मुंशी पर कार्रवाई की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिमी क्षेत्र के विधायक श्री सरयू राय ने शनिवार को सोनारी स्थित जेएनएसी के अस्थायी डिपो का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद किया गया, जिसमें डिपो संचालन में अनियमितताओं और मजदूरों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए थे।

निरीक्षण के दौरान श्री राय के साथ जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा भी मौजूद रहे। मौके पर उन्होंने देखा कि डिपो में उपस्थिति दर्ज करने के लिए कोई रजिस्टर नहीं था। ना ही कोई जानकारी उपलब्ध थी कि किस दिन कौन मजदूर किस क्षेत्र में काम पर गया। यह डिपो संचालन की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

सिर्फ 22 मजदूर उपस्थित, कोई सुपरवाइजर मौजूद नहीं

सुबह साढ़े आठ बजे तक डिपो में केवल 22 मजदूर ही मौजूद थे, जबकि तय संख्या 50 मजदूरों की थी। पूछताछ के दौरान डिपो प्रभारी मुंशी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका और उपेक्षापूर्ण रवैये के कारण स्थानीय लोगों ने उसकी शिकायत भी विधायक से की।

विधायक को जानकारी दी गई कि जेएनएसी द्वारा यहां पांच सुपरवाइजर तैनात हैं, लेकिन निरीक्षण के समय कोई भी सुपरवाइजर मौके पर मौजूद नहीं था।

मजदूरों के अधिकारों का हनन, पीएफ और ईएसआई में गड़बड़ी
मजदूरों ने बताया कि कई महीनों से उनका ईएसआई और पीएफ जमा नहीं किया गया है। इस बारे में पूछने पर अधिकारी या जिम्मेदार लोग कोई ठोस जवाब नहीं देते। हर महीने वेतन से 50 रुपये की कटौती होती है, लेकिन यह किस मद में जाती है, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती है।

डोर-टू-डोर सेवा में भी अनियमितता

विधायक को बताया गया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा में केवल महिला मजदूरों को भेजा जाता है, जबकि महिला और पुरुष दोनों की तैनाती होनी चाहिए। मुंशी का दावा था कि प्रतिदिन दो मजदूरों को भेजा जाता है, लेकिन मौके पर मौजूद मजदूरों ने इस दावे को खारिज करते हुए बताया कि केवल एक महिला मजदूर को ही भेजा जाता है।

विधायक ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग संभव

निरीक्षण के बाद विधायक श्री राय ने इन सभी अनियमितताओं को गंभीर बताया और कहा कि यदि ऐसे ही हालात बने रहे तो वह जेएनएसी और संबंधित विभाग को लिखित शिकायत करेंगे। उन्होंने साफ संकेत दिए कि श्रमिकों के अधिकारों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें