जमशेदपुर में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, श्राद्ध में शामिल होने आया था नासिक से

Share करें

✓ Link copy हो गया!


जमशेदपुर, 24 जून 2024 – शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित टीचर्स कॉलोनी के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में रमणी फ्लैट निवासी संजय नारायण सिंह के भांजे नीतीश कुमार सिंह की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। यह हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ, जब नीतीश छत पर टहल रहा था।

श्राद्ध कर्म में शामिल होने आया था जमशेदपुर

मृतक नीतीश कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले का निवासी था और महाराष्ट्र के नासिक में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह अपनी नानी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने कुछ दिनों पहले जमशेदपुर आया था। बताया गया कि बीते रविवार को श्राद्ध कर्म का आयोजन संपन्न हुआ था।

सोमवार की शाम वह घर की छत पर टहल रहा था, तभी अचानक तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घर में छाया मातम, शोक की लहर

इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। अभी तक की जानकारी के अनुसार नीतीश परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई में होनहार था और भविष्य में आईएएस बनने की तैयारी कर रहा था। अचानक हुई इस घटना ने पूरे मोहल्ले को शोक में डाल दिया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


????

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें