New Delhi : लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। सऊदी अरब के जेद्दा से आए हज यात्रियों से भरे विमान SV 3112 के लैंडिंग के दौरान अचानक एक पहिए से चिंगारी और घना धुआं निकलने लगा।
विमान में कुल 250 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश हज यात्रा से लौटे भारतीय श्रद्धालु थे। घटना सुबह लगभग 5:45 बजे की बताई जा रही है, जब विमान रनवे पर उतर रहा था। पायलट और एयरपोर्ट ग्राउंड स्टाफ की सतर्कता के चलते तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी जांच के लिए विमान को अलग हैंगर में खड़ा कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में लैंडिंग गियर में अधिक गर्मी और रगड़ के कारण चिंगारी निकलने की आशंका जताई जा रही है। डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) की टीम इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मियों और मेडिकल टीम की तत्परता से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। सभी यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल में सुरक्षित पहुंचा दिया गया है।
इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा और तकनीकी निरीक्षण को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।









