केदारनाथ हेलीकॉप्टर हादसे पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का केंद्र सरकार पर तीखा हमला

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi  : उत्तराखंड के केदारनाथ मार्ग पर सोमवार सुबह हुए हेलीकॉप्टर हादसे ने पूरे देश को गमगीन कर दिया। इस दर्दनाक घटना में सात श्रद्धालुओं की जान चली गई, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल था। अब इस हादसे पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर सीधे सवाल खड़े करते हुए तीखा प्रहार किया है।

डॉ. अंसारी ने कहा, “हर साल केदारनाथ यात्रा में हादसे क्यों होते हैं? आखिर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के प्रति केंद्र सरकार इतनी लापरवाह क्यों है? सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर के प्रयोग पर अब तक रोक क्यों नहीं लगाई गई?”

उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि क्या श्रद्धालुओं की जान की कोई कीमत नहीं है? उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा मांगा और कहा कि, “श्रद्धालु केवल आम यात्री नहीं, बल्कि आस्था के प्रतीक हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भारत सरकार की सीधी जिम्मेदारी है।”

डॉ. अंसारी ने देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम की व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि, “झारखंड सरकार हर स्तर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, इसलिए ऐसी त्रासदी कभी नहीं होती।” उन्होंने इस हादसे को तकनीकी नहीं, बल्कि प्रशासनिक और नीति-निर्माण स्तर की लापरवाही का परिणाम बताया और कहा कि अब देश की जनता जवाब मांगेगी। उन्होंने यह भी कहा कि “जो सरकार श्रद्धालुओं की जान को लेकर गंभीर नहीं, उसे संवेदनशील देश नहीं चला सकता।”

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें