Telugu Society Dispute : एलडीएल सोसाइटी के आगामी चुनाव को लेकर तेलुगु समाज में खींचतान और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। सोसाइटी के महासचिव के. गुरुनाथ राव ने प्रेस से बातचीत में ईश्वर राव गुट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि बीते 12 वर्षों से लगातार विवादों में घिरी सोसाइटी में सत्तारूढ़ पक्ष पत्राचार और प्रशासनिक दबाव के जरिये चुनाव को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहा है।
गुरुनाथ राव ने कहा कि ईश्वर राव, एम. कमल कुमार और के. नागेश नायडू मिलकर राजनीतिक नेताओं और नौकरशाहों के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी गुट ने चुनाव को निष्पक्ष होने से रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किया है। मगर उनके पास मौजूद मजबूत साक्ष्यों के चलते अधिकांश अधिकारी और नेता उन्हें सुन तो रहे हैं लेकिन सकारात्मक परिणाम के बिना लौटा दे रहे हैं।
12 वर्षों से जारी है विवाद
तेलुगु संगठनों की इस प्रमुख संस्था में पिछले एक दशक से ज्यादा समय से आपसी गुटबाजी चल रही है। इस कारण से चुनाव कई बार टाले भी जा चुके हैं। गुरुनाथ राव ने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज के सदस्य पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ सही व्यक्ति का चुनाव करें ताकि संगठन की गरिमा और विकास दोबारा बहाल हो सके।
जल्द होंगे चुनाव
के. गुरुनाथ राव ने जानकारी दी कि अगले कुछ दिनों में एलडीएल सोसाइटी का चुनाव निर्धारित है। ऐसे में उन्होंने तेलुगु समाज से अपील की कि वे सोच-समझकर योग्य और ईमानदार प्रतिनिधियों का चुनाव करें ताकि संगठन की छवि और कार्यशैली में सकारात्मक परिवर्तन आ सके।
प्रमुख बयान
के. गुरुनाथ राव, महासचिव:
“पिछले कई वर्षों से सोसाइटी में पारदर्शिता को कमजोर करने के प्रयास हो रहे हैं। अब समय आ गया है कि योग्य नेतृत्व को चुना जाए जो समाज की बेहतरी के लिए काम करे।”
के. श्रीनाथ राव:
“हमारा उद्देश्य केवल समाज की सेवा है। यह चुनाव एलडीएल सोसाइटी के भविष्य की दिशा तय करेगा। हम सभी से आग्रह करते हैं कि निष्पक्ष और सही निर्णय लें।”









