सराइकेला : कांड्रा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित महिला हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। बीते 3 जून को कांड्रा-सिनी रेलवे ट्रैक पर भालूकपहाड़ी एवं भादवागोड़ा गांव के बीच सिर कटी महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। अब इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मृतका की पहचान मनोहरपुर गांव निवासी 60 वर्षीय मैनू मंझियाइन के रूप में की गई है।
इस पूरे प्रकरण का खुलासा करते हुए सरायकेला-खरसावां के एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हत्या के मामले में पुलिस ने सुनील मुर्मू, बाबूराम हांसदा, अजीत मुर्मू और गोविंद मुर्मू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और महिला का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया है।
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
एसपी लुनायत ने बताया कि घटना की जांच के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में पता चला कि घटना के दिन चारों युवक नाले में मछली पकड़ रहे थे, तभी वहां मैनू मंझियाइन नहाने के लिए पहुंची। किसी बात को लेकर युवकों से विवाद हुआ और आरोपियों ने मिलकर महिला की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मारपीट के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। बाद में जब उन्हें महिला की मौत की जानकारी मिली तो सबूत मिटाने के लिए सिर काटकर अलग कर दिया और शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपी मनोहरपुर गांव के निवासी हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।











