Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर खेल प्रेमियों के लिए रोमांच का केंद्र बन गई है। भारतीय रोल बॉल संघ एवं झारखंड रोल बॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में पाँचवां रोल बॉल फेडरेशन कप 2025 का भव्य आयोजन टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव, होटवार में 12 जून से 14 जून तक किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर के शीर्ष आठ राज्यों की महिला और पुरुष टीमें हिस्सा ले रही हैं।
महिला वर्ग में राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और मेज़बान झारखंड की टीमें दमखम दिखाएंगी। वहीं पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र, आर.एस.एस.ए., तमिलनाडु, गुजरात और झारखंड की टीमें ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगी। प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें कुल 29 मैच होंगे। आयोजकों के अनुसार सभी मुकाबले रोमांचक और प्रतिस्पर्धा से भरपूर होंगे।
उद्घाटन समारोह 12 जून को शाम 5:00 बजे आयोजित किया गया, जबकि समापन समारोह 14 जून को शाम 5:00 बजे होगा। आयोजन समिति द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। झारखंड रोल बॉल संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार यादव और सचिव चंदेश्वर कुमार ने तैयारियों की समीक्षा के बाद मेज़बान झारखंड टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि घरेलू मैदान पर झारखंड की टीम दमदार प्रदर्शन कर सकती है।
खेलगांव परिसर में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस आयोजन से न केवल रोल बॉल जैसे तेजी से लोकप्रिय हो रहे खेल को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि झारखंड के उभरते खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।











