Jamshedpur : शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ौदा घाट में रविवार शाम नहाने के क्रम में आरवीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्र डूब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक छात्र को बचा लिया गया, जबकि दो अन्य छात्रों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना में बागबेड़ा निवासी पार्थ कुमार, मानगो निवासी शुभम कुमार, और कदमा निवासी शशांक शामिल हैं। तीनों की उम्र लगभग 20 वर्ष है और वे आरवीएस कॉलेज के छठे सेमेस्टर के छात्र बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह घटना पार्थ कुमार के जन्मदिन के मौके पर हुई जब तीनों मित्र बड़ौदा घाट नदी में नहाने पहुंचे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। तभी एक स्थानीय युवक ने डूबते हुए छात्रों को देखा और साहस दिखाते हुए पार्थ कुमार को किसी तरह बाहर निकाल लिया।

सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य कविता परमार घटनास्थल पर पहुंचीं और बागबेड़ा पुलिस तथा जिला के वरीय अधिकारियों को जानकारी दी। रात अधिक होने के कारण गोताखोरों की टीम तत्काल रवाना नहीं हो सकी और अब सुबह का इंतजार किया जा रहा है ताकि बचाव कार्य प्रभावी ढंग से शुरू किया जा सके।

बागबेड़ा थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि, “घटना में तीन छात्र डूबे थे, जिनमें से एक को बचा लिया गया है। शेष दो की तलाश के लिए स्थानीय और बाहर से गोताखोरों की टीम बुलाई गई है। जल्द से जल्द युवकों को खोजने के प्रयास किए जा रहे हैं।” घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। परिजनों और कॉलेज प्रशासन को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।









