पंचायत समिति की बैठकों में विभागीय अधिकारियों की गैरहाजिरी पर भड़के पंचायत सचिव, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में आयोजित हो रही पंचायत समिति की बैठकों में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों की लगातार अनुपस्थिति से नाराज पंचायत सचिवों ने शुक्रवार को उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बैठक में अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ा ऐतराज जताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।



पंचायत सचिवों ने बताया कि पहले भी इस विषय में उपायुक्त से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। आज पुनः सचिवों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कार्यालय पहुंचा और ज्ञापन सौंपकर सुनवाई की मांग की।



सचिवों का कहना है कि पंचायत समिति की बैठकें जनसमस्याओं के समाधान के लिए होती हैं, लेकिन संबंधित विभागों के अधिकारी उसमें उपस्थिति नहीं देते। नतीजतन बैठकें केवल औपचारिकता बनकर रह जाती हैं और समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं।



ज्ञापन में यह भी बताया गया कि यह समस्या जिले के लगभग सभी प्रखंडों में एक जैसी है। सचिवों ने आरोप लगाया कि कई विभागों के अधिकारी पंचायत स्तर की बैठकों को गंभीरता से नहीं लेते, जिससे शासन-प्रशासन के बीच समन्वय की कमी पैदा हो रही है।



पंचायत सचिवों ने उपायुक्त से मांग की कि वे इस मामले में त्वरित संज्ञान लें और संबंधित अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दें, ताकि ज़मीनी स्तर की समस्याओं का समाधान हो सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.