जमशेदपुर, 5 जून। उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय वृक्षारोपण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। उप विकास आयुक्त श्री अनिकेत सचान की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के सफल संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त माध्यम है, बल्कि मातृत्व भाव और धरती माता के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि “पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी हम सभी को लेनी चाहिए।”

इस बहु-विभागीय अभियान को ‘Whole of Government’ एवं ‘Whole of Society’ दृष्टिकोण के साथ चलाया जाएगा, जिसमें विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में Eco Clubs for Mission LiFE के माध्यम से 5 जून से 30 सितंबर 2025 तक वृक्षारोपण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालयों में न्यूनतम 70, माध्यमिक विद्यालयों में 100 और उच्च विद्यालयों में 150 पौधों का रोपण किया जाएगा। पौधारोपण विद्यालय परिसर या उसके आस-पास के सार्वजनिक स्थलों जैसे सड़क किनारे, सामुदायिक परिसर आदि में किया जाएगा। पौधों की आपूर्ति के लिए वन विभाग, उद्यान विभाग और नगर निकायों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि अभियान की सभी गतिविधियों का दस्तावेजीकरण MeriLiFE पोर्टल (https://merilife.nic.in) पर किया जाएगा और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, नगर निकायों के प्रतिनिधि, शहरी क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों के प्राचार्य सहित कई संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।









