जमशेदपुर, 4 जून 2025: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के बैनर तले आज एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात की और मुसाबनी बाजार के दुकानदारों के भविष्य को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने किया।

ज्ञापन में मुख्य रूप से यह मांग की गई कि मुसाबनी बाजार क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत किसी भी दुकानदार को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उजाड़ा न जाए। दुबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास कार्यों के विरोध में नहीं है, बल्कि वह सड़क चौड़ीकरण जैसे कार्यों का समर्थन करती है, लेकिन इन योजनाओं की आड़ में गरीब और मेहनतकश दुकानदारों का विस्थापन न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि सड़क निर्माण के दौरान मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इन दुकानदारों को उचित पुनर्वास दिया जाए। श्री दुबे ने बताया कि सुरदा माइंस के बंद हो जाने के बाद इस क्षेत्र के लोगों के पास रोजगार के साधन पहले ही सीमित रह गए हैं। ऐसे में ये छोटे दुकानदार ही अपने परिवारों की जीविका का सहारा बने हुए हैं। यदि बिना पुनर्वास के इनकी दुकानें तोड़ दी गईं, तो उनके सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि अंचल अधिकारी द्वारा हाल ही में क्षेत्र में सीमांकन किया गया है, जिससे दुकानदारों में भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस पार्टी ने जिला प्रशासन से अपील की है कि इन दुकानदारों के मामले में सहानुभूतिपूर्वक और संवेदनशील निर्णय लिया जाए।इस दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन जनहित को सर्वोपरि मानते हुए मामले पर गंभीरता से विचार करेगा और प्रभावित दुकानदारों के हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे के अलावा कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश कुमार तिवारी, सुखदेव सिंह मल्ली, एल बी सिंह, सामंता कुमार, रजनीश सिंह, राकेश साहू, अरूण कुमार सिंह, गुलाम सरबर, मोहम्मद शब्बीर उर्फ लालबाबू, शिल्पी चक्रवर्ती, बबलू नौशाद, बिरेंद्र पाण्डेय, सन्नी सिंह, मोहम्मद सलीम, हरिहर प्रसाद, रंजन सिंह सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित थे।कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि दुकानदारों के हितों की अनदेखी की जाती है, तो पार्टी जनांदोलन चलाने से पीछे नहीं हटेगी। पार्टी गरीबों की आवाज बनकर हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।











