उपायुक्त ने आदित्यपुर नगर निगम का किया औचक निरीक्षण, पेयजल व सिवरेज योजनाओं की समीक्षा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितेश कुमार सिंह ने सोमवार को आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही पेयजलापूर्ति योजना एवं सिवरेज योजना की विस्तृत जानकारी ली और इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।



उपायुक्त ने बताया कि हाल ही में हुई जिला कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में यह जानकारी सामने आई थी कि पेयजल योजना के अंतर्गत 60 किलोमीटर तक वन विभाग की ओर से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके चलते कार्य बाधित है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर समीक्षा और जांच कर वन विभाग से एनओसी शीघ्र दिलवाने की कोशिश की जाएगी ताकि पेयजल योजना को तेजी से पूर्ण किया जा सके।



सिवरेज योजना पर संयुक्त समीक्षा बैठक की घोषणा

सिवरेज योजना को लेकर उपायुक्त ने कहा कि यह योजना कहां अटकी है और किस वजह से विलंब हो रहा है, इसकी विस्तृत जानकारी के लिए जल्द ही एक संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी। बैठक के उपरांत संबंधित एजेंसियों को समाधान के निर्देश दिए जाएंगे।



अतिक्रमण और जल संकट पर जताई चिंता

उपायुक्त ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण की बढ़ती समस्या पर भी चिंता जताई और इसे दुरुस्त करने की बात कही। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के कई हिस्सों में गंभीर पेयजल संकट व्याप्त है—कई स्थानों पर डीप बोरिंग पूरी तरह सूख चुके हैं, और कुछ वार्ड ड्राई ज़ोन में तब्दील हो चुके हैं।



महिला स्वंय सहायता समूह को मिलेगा मौका

उपायुक्त ने आदित्यपुर नगर निगम को निर्देश दिया कि निगम कार्यालय में एक कैंटीन की व्यवस्था की जाए, जिसका संचालन किसी महिला स्वयं सहायता समूह (Self Help Group) को सौंपा जाए। इससे न केवल कार्यालय में आने वाले लोगों को भोजन व नाश्ते की सुविधा मिलेगी, बल्कि महिलाओं को स्वावलंबन का अवसर भी प्राप्त होगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह समेत निगम के कई पदाधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें