Nutrition Mission : अरुणाचल प्रदेश की राज्य स्तरीय टीम ने किया पाथरा पंचायत का निरीक्षण, सुपोषित ग्राम के तौर पर मिली सराहना

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भारत सरकार के पोषण अभियान योजना के अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पाथरा पंचायत को सुपोषित ग्राम पंचायत के रूप में चयनित किया गया है। इसी क्रम में अरुणाचल प्रदेश की राज्य स्तरीय टीम ने 22 मई को पंचायत क्षेत्र के नाकदोहा एवं पांकीसोल आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण किया।



टीम ने आंगनबाड़ी केंद्रों में वृद्धि निगरानी, बुनियादी संरचना, खाद्य विविधता, और साफ-सफाई की स्थिति का गहन अवलोकन किया। केंद्रों में डीएमएफटी से उपलब्ध कराए गए प्री-स्कूल किट्स की भी टीम द्वारा सराहना की गई। टीम ने पोषण ट्रैकर ऐप में लाभुकों के दर्ज आंकड़ों का मिलान, मापन (वजन व ऊंचाई) से किया, जो शत-प्रतिशत सही पाया गया। साथ ही, एएनएम द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण कार्यक्रम का भी अवलोकन किया गया।



भ्रमण के दौरान गर्भवती व धात्री महिलाओं से रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री के उपयोग और अनुभव के बारे में भी जानकारी ली गई। आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, पानी, शौचालय और पोषण वाटिका की उपलब्धता पर टीम ने संतोष जताया।



टीम ने सेविका एवं सहायिकाओं के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दूरवर्ती क्षेत्रों में भी कुपोषण से लड़ने की इनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। साथ ही, जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं बहरागोड़ा बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के सतत पर्यवेक्षण व प्रयासों को भी सराहनीय बताया।



इस दौरान मुख्य रूप से अरुणाचल प्रदेश आईसीडीएस की डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती चादन तांगबेज, स्टेट कोऑर्डिनेटर अमित कुमार सिंह, कंसल्टेंट सुशील कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी, अंचल अधिकारी सह बीडीपीओ राजा राम सिंह मुंडा, पंचायत मुखिया राधी मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य गौतम कुमार मन्ना, महिला पर्यवेक्षिका व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.