जनता मध्य विद्यालय छोटागोविन्दपुर में चार अतिरिक्त वर्गकक्षों के निर्माण कार्य का शिलान्यास

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर, छोटागोविन्दपुर। जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जनता मध्य विद्यालय, छोटागोविन्दपुर में छात्रों के लिए शैक्षणिक माहौल को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चार अतिरिक्त वर्गकक्षों के निर्माण कार्य का शिलान्यास आज संयुक्त रूप से जिला पार्षद डॉ. परितोष सिंह एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रखंड अध्यक्ष पल्टन मुर्मू द्वारा किया गया। यह निर्माण कार्य विधायक मंगल कालिंदी की अनुशंसा पर अनाबद्ध निधि से स्वीकृत योजना के तहत किया जा रहा है।

इस अवसर पर डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि विद्यालय का मुख्य भवन जर्जर स्थिति में पहुंच चुका था। विशेषकर वर्षा के दिनों में पानी टपकने से कक्षाओं में पढ़ाई बाधित हो रही थी, जिससे विद्यार्थियों को काफी असुविधा हो रही थी। नए वर्गकक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को एक सुरक्षित और सुविधाजनक शिक्षण वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने विधायक मंगल कालिंदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग से क्षेत्र में शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास को नई दिशा मिल रही है।

प्रखंड अध्यक्ष पल्टन मुर्मू ने भी विधायक के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी इलाकों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं सिंचाई जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।

शिलान्यास समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर नवमी सिंह, रजनी दास, परितोष दास, प्रकाश दूबे, मनोज कुमार, रिंटू ठाकुर, विजय कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

The specified slider id does not exist.