Jamshedpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के आह्वान को साकार करती प्रिया कुकरी क्लासेज एक बार फिर सुर्खियों में है। शेफ डॉ. प्रिया गुप्ता द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण केंद्र अब तक कई घरेलू महिलाओं को कुशल शेफ बनाकर आत्मनिर्भर बना चुका है। कई महिलाओं ने खुद का स्टार्टअप शुरू किया है, वहीं कुछ अपने घर से ऑनलाइन फूड बिजनेस चला रही हैं।

आज का दिन प्रिया कुकरी क्लासेज के लिए विशेष गौरव का रहा, जब दो प्रशिक्षित महिला शेफ — कविता सिंह (कनाडा) और अमृता मेहता (तंज़ानिया) को सम्मानित किया गया। ये दोनों अब विदेशों में भारत के पारंपरिक स्वाद को बिखेरेंगी।

इन दोनों महिला शेफ को समाजसेवी एवं सांस्कृतिक कर्मी पूरबी घोष के कर-कमलों द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें सरकार द्वारा स्वीकृत एवं यूजीसी मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, साथ ही शेफ कोट भी भेंट किया गया।

सम्मान समारोह में पूरबी घोष ने कविता सिंह और अमृता मेहता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “ये महिलाएं भारत की सांस्कृतिक पहचान — उसके स्वाद, उसकी खुशबू — को विश्व मंच पर पहुंचा रही हैं। यह सचमुच गौरव का क्षण है।” उन्होंने डॉ. प्रिया गुप्ता का भी विशेष आभार प्रकट किया और उन्हें इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी।

यह कार्यक्रम न सिर्फ महिलाओं के लिए प्रेरणादायी था, बल्कि यह साबित करता है कि सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से महिलाएं किसी भी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रौशन कर सकती हैं।