पेयजल व मूलभूत सुविधाओं को लेकर झारखंड मूर्ति मोर्चा ने नगर निगम को सौंपा छह सूत्री मांग पत्र

Share करें

✓ Link copy हो गया!

ग्रामीण व स्लम क्षेत्रों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की मांग, जन आंदोलन की दी चेतावनी

आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर झारखंड मूर्ति मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को नगर निगम प्रशासक को एक छह सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली ने किया। उनके साथ जिला अध्यक्ष सुवेंदु महतो सहित झामुमो के कई कार्यकर्ता भी मौजूद थे। प्रतिनिधियों ने निगम क्षेत्र के ग्रामीण और स्लम इलाकों में व्याप्त गंभीर समस्याओं पर चिंता जताते हुए जल्द समाधान की मांग की।



प्रमुख मांगों में शामिल हैं:

धीमी जलापूर्ति योजना पर आपत्ति: निगम क्षेत्र में जलापूर्ति योजना की धीमी प्रगति पर नाराज़गी जताते हुए वैकल्पिक रूप से डीप बोरिंग व टैंकर द्वारा जलापूर्ति की मांग की गई।

स्लम बस्तियों में विशेष व्यवस्था: झुग्गी-झोपड़ी वाले क्षेत्रों में अलग से पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई।

लघु जल योजनाओं का सुझाव: भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार छोटे स्तर पर योजनाएं लागू कर स्थानीय लोगों के सहयोग से समाधान की बात कही गई।

बोरिंग हेतु प्रचार-प्रसार: ग्रामीण इलाकों में बोरिंग से पूर्व नगर निगम से अनुमति लेने की प्रक्रिया को प्रचारित करने पर जोर दिया गया।

स्ट्रीट लाइट व हाई मास्ट लाइट की मरम्मत/स्थापना: कई वार्डों में खराब स्ट्रीट लाइट्स व हाई मास्ट की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए उनकी मरम्मत की मांग की गई।

सड़क व नाली निर्माण: ग्रामीण वार्डों में जल निकासी व आवागमन के लिए सड़क और नाली निर्माण की आवश्यकता जताई गई।


मौके पर गणेश महाली ने कहा, “नगर निगम का क्षेत्र भले ही विस्तृत हुआ है, लेकिन सुविधाओं की हालत ज्यों की त्यों है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक जन आंदोलन होगा।” प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि नगर प्रशासन जनता की प्राथमिक जरूरतों को समझते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.