मां तुझे सलाम’ संस्था ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, खासमहल प्राथमिक विद्यालय को मिडिल स्कूल बनाने की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर। सामाजिक संस्था ‘मां तुझे सलाम’ ने मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें जमशेदपुर प्रखंड के खासमहल पंचायत स्थित एकमात्र सरकारी विद्यालय की दयनीय स्थिति को लेकर चिंता जताई गई। संस्था की मांग है कि खासमहल प्राथमिक विद्यालय को मिडिल स्कूल में परिवर्तित किया जाए, ताकि स्थानीय बच्चों को शिक्षा के लिए दूसरे पंचायतों की ओर न जाना पड़े।



संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद अजहर खान के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि ब्लॉक परिसर के अंदर स्थित यह स्कूल मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। बरसात के मौसम में विद्यालय की छत से पानी टपकता है, जिससे छात्रों की पढ़ाई बाधित होती है। विद्यालय भवन जर्जर अवस्था में है और रख-रखाव का अभाव साफ नजर आता है। इस पंचायत में पांच हजार से अधिक परिवार रहते हैं, जिनके बच्चे इसी विद्यालय में शिक्षा प्राप्त करते हैं।

ज्ञापन में उपायुक्त से यह भी आग्रह किया गया कि वे इस विद्यालय को ‘गोद’ लें और इसके विकास की दिशा में ठोस कदम उठाएं। संस्था के सदस्यों ने उपायुक्त को विद्यालय का निरीक्षण भी करवाया और प्रत्यक्ष रूप से समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन सौंपने वालों में संस्था अध्यक्ष मोहम्मद अजहर खान के साथ नंदकिशोर ठाकुर, ललन यादव, राजू, कानू समेत अन्य सदस्य मौजूद थे। संस्था का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो बच्चों की शिक्षा पर गंभीर असर पड़ सकता है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.