Jamshedpur : गम्हरिया स्थित आरडी रबर रीक्लेम कंपनी में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें ड्यूटी के दौरान कर्मचारी बाजोल टुडू का हाथ मशीन में कटकर दो टुकड़ों में अलग हो गया। घटना दोपहर करीब 2:00 बजे की है, जब गम्हरिया निवासी बाजोल टुडू, पिता चालो टुडू, काम पर तैनात थे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें ईएसआई अस्पताल ले जाया गया, जहां से टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) रेफर कर दिया गया।

घायल कर्मचारी को लेकर कंपनी प्रबंधन और मान्यता प्राप्त यूनियन ‘आरडी रबर रीक्लेम यूनियन’ के पदाधिकारी सक्रिय नजर आए। यूनियन अध्यक्ष राजीव पाण्डेय ने खुद अस्पताल पहुंचकर बाजोल टुडू की स्थिति की जानकारी ली और कंपनी से बात कर ₹45,000 की एडवांस राशि इलाज हेतु जमा करवाई।

पूर्व विधायक मलखान सिंह और कोल्हान मजदूर संघ के पदाधिकारी बसंत कुमार भी टीएमएच अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। घटना के बाद यूनियन नेताओं ने इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग की है। वहीं कंपनी प्रबंधन ने भी घटना की जांच और पीड़ित के समुचित इलाज का भरोसा दिया है।

यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़ा करता है। स्थानीय मजदूर संगठनों ने इसे मजदूरों के अधिकार और सुरक्षा से जुड़ा मामला बताते हुए, जरूरत पड़ने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी है।










