Women Teachers Transfer : महिला शिक्षिकाओं के गृह जिला स्थानांतरण को लेकर शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन से मुलाकात, उचित कार्रवाई का आश्वासन

SHARE:

Jamshedpur : झारखंड राज्य की सैकड़ों महिला शिक्षिकाएं जो बीते पांच वर्षों से एक ही जिले में पदस्थापित हैं, उन्होंने गृह जिला में स्थानांतरण की मांग को लेकर आज रांची में माननीय शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन से मुलाकात की।



इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य खगन महतो, मजदूर नेता राजू सामंत, झामुमो नेता मनवर हुसैन, झारखंड आंदोलनकारी नेता छोटे सरदार और विजय कुमार ने किया। उन्होंने मंत्री को शिक्षिकाओं की स्थिति से अवगत कराया और स्थानांतरण प्रक्रिया में मानवीय आधार पर निर्णय लेने की मांग की।



शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल उच्च स्तरीय पदाधिकारी से संपर्क कर मामले की जांच और उचित निर्णय का आश्वासन दिया।



महिला शिक्षिकाओं का कहना है कि लंबे समय से गृह जिलों से दूर रहते हुए उन्हें पारिवारिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं के लिए यह स्थिति मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर चुनौतीपूर्ण बन जाती है।



नेताओं ने सरकार से अपील की कि स्थानांतरण नीति में लचीलापन अपनाते हुए महिला शिक्षिकाओं को गृह जिला में स्थान देना चाहिए, ताकि वे बेहतर ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। अब देखना यह होगा कि शिक्षा मंत्री द्वारा दिया गया आश्वासन धरातल पर कितनी जल्दी उतरता है। महिला शिक्षिकाएं जल्द से जल्द न्यायोचित स्थानांतरण की अपेक्षा कर रही हैं।

Leave a Comment