Adityapur : अंचल क्षेत्र के पोडाडीहा मौजा में प्रस्तावित गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय निर्माण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को ग्राम प्रधान गांधी सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित आमसभा में ग्रामीणों ने एकजुट होकर सरकार की इस योजना का जोरदार विरोध किया।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि गांव के पास गोचर (चराई) भूमि की पहले से ही भारी कमी है। पूर्व में सरकारी जमीन पर महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के नाम पर लगभग एक एकड़ भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है। अब शेष बचे करीब तीन एकड़ जमीन को भी गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय के लिए अधिग्रहित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त जमीन उनके पशुओं के लिए एकमात्र चराई स्थल है। यदि इसे भी अधिग्रहित कर लिया गया, तो पशुपालन पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा और गांव की आजीविका प्रभावित होगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वैकल्पिक भूमि चिन्हित कर इस योजना को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
आमसभा में उपस्थित लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द समाधान निकालने की अपील की है। की









