बैंकॉक में चमके विजय सुन्डी: वर्ल्ड पैरा आर्चरी में स्वर्ण और कांस्य जीतकर रचा इतिहास

SHARE:

Chaibasa:झारखंड के उभरते पैरा तीरंदाज विजय सुन्डी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करते हुए वर्ल्ड पैरा आर्चरी सीरीज 2026 (लेग-1) में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। 29 मार्च से 5 अप्रैल तक बैंकॉक में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उन्होंने टीम इवेंट में स्वर्ण और मिक्स टीम इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया।

पुरुष वर्ग रिकर्व राउंड टीम इवेंट में विजय सुन्डी और Harvinder Singh की जोड़ी ने फाइनल में चाइनीज ताइपे को 6-2 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। यह भारतीय टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

वहीं मिक्स टीम इवेंट में विजय सुन्डी और भावना की जोड़ी ने कांस्य पदक मुकाबले में स्लोवेनिया के खिलाफ कड़ा संघर्ष किया। मैच 4-4 की बराबरी पर समाप्त होने के बाद शूट-ऑफ में भारत ने 10.9 अंक हासिल किए, जबकि स्लोवेनिया 9.8 अंक ही बना सका। इस रोमांचक मुकाबले में जीत के साथ भारतीय टीम ने कांस्य पदक भी अपने नाम किया।

व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी विजय सुन्डी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने 70 मीटर राउंड में 323 और 318 अंक हासिल कर कुल 641 अंकों के साथ वर्ल्ड पैरा आर्चरी सीरीज में टॉप-1 रैंक प्राप्त की। यह उनके करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है।

इधर चाईबासा स्थित तुरतुंग तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, सिकुरसाई में इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया गया। कोच Maharshi Mahendra Sinku ने विजय की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और तकनीकी दक्षता उन्हें आगे और बड़ी सफलताओं तक ले जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय आने वाले पैरा एशियन गेम्स और पैरालंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विजय सुन्डी की इस उपलब्धि पर कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी, जिनमें Arjun Munda, Poornima Mahato समेत खेल और सामाजिक क्षेत्र के कई प्रमुख व्यक्तित्व शामिल हैं।

विजय की इस सफलता ने न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश में खेल प्रतिभाओं के लिए एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।

Leave a Comment

और पढ़ें