Jamshedpur:स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग वीणापाणि पाठशाला के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित वनभोज कार्यक्रम रविवार को बारीडीह स्थित रामार्चा मैदान में उल्लास और उमंग के साथ सम्पन्न हुआ। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास को समर्पित इस आयोजन में 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर यादगार पल साझा किए।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, टीम भावना और रचनात्मकता को बढ़ाते हैं। विधायक की उपस्थिति से बच्चों का उत्साह दोगुना नजर आया।
वनभोज के दौरान बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर, नृत्य, संगीत सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया और विजेता छात्रों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया, जिससे उनके चेहरे पर खुशी साफ झलकती रही।
इस सफल आयोजन में वीणापाणि पाठशाला के शिक्षा प्रतिनिधि एस.पी. सिंह, शिक्षक जगबंधु महतो, शिक्षिकाएं दीपिका कुमारी शर्मा एवं निशा सिंह तथा कार्यालय प्रभारी अशोक कुमार की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। शिक्षकों और आयोजकों की मेहनत ने वनभोज को बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव बना दिया।









