Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कुसुमबनी नाला से एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव बरामद हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राजनगर थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
गुरुवार को एसडीपीओ समीर सवैया और ट्रेनी डीएसपी पूजा कुमारी ने घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जांच दल को सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टि में महिला की मौत पानी में डूबने से हुई प्रतीत होती है, लेकिन शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान है कि घटना 8–10 दिन पुरानी है। मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस साड़ी और हाथों में मिली चूड़ियों के आधार पर शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की कई कोणों से जांच की जा रही है और जल्द ही मृतका की पहचान एवं घटना का रहस्योद्घाटन करने का प्रयास किया जाएगा।









