बरहरवा: मालदा रेलमंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं ए. के. कुल्लू, मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ, मालदा के पर्यवेक्षण में, “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के अंतर्गत पूर्व रेलवे के मालदा रेलमंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बरहरवा के द्वारा रविवार को बरहरवा रेलवे स्टेशन से एक नाबालिग बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। जहां ट्रेन संख्या 13430 आनंद विहार टर्मिनल मालदा टाउन साप्ताहिक एक्सप्रेस में एक नाबालिग बालिका के अकेले यात्रा करने की सूचना प्राप्त होने पर, सतर्क आरपीएफ टीम के द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आवश्यक समन्वय किया गया। जहां ट्रेन के बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर, आरपीएफ टीम ने लगभग 15 वर्ष आयु की नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया, जो बिना टिकट अथवा वैध दस्तावेजों के इधर उधर घूमती हुई पाई गई। उधर पूछताछ के दौरान यह ज्ञात हुआ कि उक्त बालिका ने भागलपुर रेलवे स्टेशन से यात्रा प्रारंभ की थी। जहां सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत, नाबालिग बालिका को परामर्श एवं पुनर्वास हेतु बाल संरक्षण मंथन, साहिबगंज को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया। उधर आरपीएफ, मालदा रेलमंडल की यह त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई रेलवे परिसर में नाबालिगों की सुरक्षा एवं यात्रियों की संरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करती है। वही आरपीएफ रेलयात्रियों से अपील करती है कि रेलवे परिसर में किसी भी संदिग्ध अथवा असहाय नाबालिग को देखकर तुरंत निकटतम आरपीएफ कर्मियों को सूचित करें।









