Jamshedpur:उलीडीह थाना क्षेत्र में 70 वर्षों से निवास कर रहे एक परिवार की जमीन पर निर्माण कार्य रुकवाकर भूमाफियाओं द्वारा जमीन हड़पने के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में मानगो अंचल अधिकारी को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और उचित न्याय की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उलीडीह थाना अंतर्गत खाता संख्या 908 एवं प्लाट संख्या 4721 की जमीन पर सिधू दोराई (पिता–साधो दोराई) द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान उलीडीह थाना के माध्यम से उन्हें कार्य रोकने का निर्देश दिया गया। निर्माण कार्य रुकने के बाद पीड़ित परिवार ने सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष सह झामुमो नेता राजेश सामंत से न्याय की गुहार लगाई।
राजेश सामंत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उलीडीह थाना के एसआई नरेंद्र राय से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान एसआई नरेंद्र राय ने बताया कि उक्त जमीन को लेकर अंचल अधिकारी (सीओ) की ओर से थाना को रिपोर्टिंग पत्र दिया गया है। हालांकि जब पीड़ित पक्ष अंचल कार्यालय पहुंचा और खतियान के साथ सीओ कार्यालय के कर्मचारियों से मुलाकात की, तो कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि खतियान के आधार पर किसी प्रकार की रिपोर्ट थाना को नहीं भेजी गई है।
सीओ कार्यालय के कर्मचारियों ने पीड़ित पक्ष को लिखित आवेदन देने को कहा और आश्वासन दिया कि आवेदन के आधार पर सही तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट थाना को भेजी जाएगी। इसके बाद खतियानधारी के वंशजों द्वारा मानगो अंचल अधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा गया।
अंचल कार्यालय के कर्मचारियों से बातचीत में यह भी जानकारी सामने आई कि उक्त जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा उलीडीह थाना के माध्यम से अवैध रूप से जमीन लूटने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा जो भी अधिकारी या कर्मचारी सीओ के नाम का दुरुपयोग कर गलत रिपोर्टिंग कर रहे हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर सामाजिक सेवा संघ अध्यक्ष सह झामुमो नेता राजेश सामंत, राजकुमार महतो, छोटे सरदार, सोनू श्रीवास्तव, संतोष कुदादा, सिधू दोराई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फिलहाल पीड़ित परिवार को अंचल कार्यालय की ओर से उचित न्याय का आश्वासन दिया गया है, वहीं पूरे प्रकरण पर स्थानीय लोगों की भी नजर बनी हुई है।









