Adityapur : राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर केसरगाड़िया के समीप गुरुवार की सुबह एक बोलेरो और हाईवा ट्रक में जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवा बीच सड़क पर पलट गई, जबकि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। हादसे में बोलेरो में सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो चाईबासा से राजनगर की ओर आ रही थी, जबकि हाईवा राजनगर से चाईबासा की ओर जा रही थी। इसी दौरान केसरगाड़िया के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई।
सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।









