घाटशिला के बीडीएसएल सरस्वती शिशु मंदिर में धूमधाम से मनाई गई गोस्वामी तुलसीदास जयंती

SHARE:

Jamshedpur : घाटशिला स्थित बीडीएसएल सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती पूरे श्रद्धा और सांस्कृतिक भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में निबंध प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 335 भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत तुलसीदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके उपरांत उनके जीवन, साहित्यिक योगदान और रामचरितमानस के माध्यम से भारतीय संस्कृति पर उनके प्रभाव पर प्रकाश डाला गया। विद्यालय परिसर में गीत-संगीत एवं भजन की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लखनलाल करमाली, हिंदी आचार्य श्री भावेश कुमार भगत, संस्कृत आचार्य श्री विवेकानंद, तथा कार्यक्रम की संचालनकर्ता वरिष्ठ आचार्य छंदा मुखर्जी समेत अन्य शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग किया। इस आयोजन में सुचित्रा सेंदेंद्रीय, सुमन कुमार महतो, गुरुपद, तमाल पातर, लखीकांत बारी, प्रियंका मुर्मू, उदय कुमार, कैलाश नाथ पांडे, ओमप्रकाश अवस्थी, मल्लिका बनर्जी, कुमुद शर्मा, सिमरन कौर, नीतू शर्मा, निकिता कुमारी, वंदना किस्कू और भावेश कुमार महतो का सराहनीय योगदान रहा।

यह प्रतियोगिता प्रांतीय विद्या विकास समिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित की गई थी। कार्यक्रम के अंत में घोषणा की गई कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।

इस आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों में तुलसीदास जी के जीवन और साहित्य के प्रति समझ और श्रद्धा को बढ़ाया, बल्कि उनकी सृजनात्मक और बौद्धिक क्षमता को भी मंच प्रदान किया।

Leave a Comment