Adityapur : सरायकेला के शहीद लालमोहन सरदार उर्फ नाडु सरदार के 33वें शहादत दिवस के अवसर पर रविवार को आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित चावला मोड़ पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने नाडु सरदार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि नाडु सरदार ने मजदूरों के शोषण के खिलाफ और न्यूनतम मजदूरी लागू कराने के लिए ऐतिहासिक आंदोलन किया था। उनके संघर्ष के कारण ही मजदूरों को उनका हक और अधिकार मिला। सांसद ने झारखंड आंदोलन में भी नाडु सरदार की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका बलिदान आज भी समाज को संघर्ष और अधिकारों के लिए जागरूक करता है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नाडु सरदार के संघर्ष, त्याग और शहादत को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की। इस अवसर पर रुद्र प्रताप महतो, विमल चंद्र महतो, गौतम महतो, दीपक महतो, शंकर सरदार, विजय महतो, देवदूत महतो, वीरा लामा, विनय महतो, बबलु महतो, सारंगी प्रधान, जगदीश महतो, समीर महतो, राम सिंह महतो, अजय सिंह, बादल महतो, राजू सिंह, राजेश, विनय महतो, राजकिशोर महतो, कमल गोप, राजेश मुर्मू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।









