Adityapur : चांडिल थाना क्षेत्र के शहरबेरा छठ घाट पर आस्था के पर्व छठ के दौरान मंगलवार को एक दुखद हादसा हो गया। स्वर्णरेखा नदी में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रायडीह बस्ती निवासी संजय यादव (42), उनके पुत्र प्रतीक (19) तथा डिमना बस्ती निवासी आर्यन यादव (14) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि प्रतीक और आर्यन स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए, जिन्हें बचाने के प्रयास में संजय यादव भी नदी में बह गए।
घटना के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद तीनों शवों को बरामद किया।
विधायकों ने व्यक्त किया शोक
घटना की जानकारी मिलते ही ईचागढ़ विधायक सविता महतो और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि यह अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना है।
विधायक सरयू राय ने कहा यह एक अपवाद स्वरूप दुर्घटना है, इसे प्रशासनिक लापरवाही कहना उचित नहीं होगा। आने वाले समय में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शहरबेरा घाट पर छठ पूजा के आयोजन पर स्थाई रोक लगाने की आवश्यकता है।
आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने घटना को अत्यंत दर्दनाक बताते हुए कहा कि पूरा क्षेत्र शोक में डूबा है। उन्होंने सरकार से मांग की प्रशिक्षित गोताखोरों और तैराकों को संविदा पर नियुक्त किया जाए, आपदा प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत की जाए, पीड़ित परिवार को कम से कम 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।
इस दर्दनाक घटना से घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई। पूरा इलाका मातम में डूबा हुआ है, जबकि प्रशासन ने आगामी पर्वों के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल को मजबूत करने का आश्वासन दिया है।









