Jamshedpur:Tata Steel के अंतर्गत कार्यरत वेंडर कंपनी एसएनएस इंडस्ट्रीज में कार्यरत एक ठेका मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मुआवजा और नौकरी को लेकर सहमति बन गई है। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक Purnima Sahu की पहल पर मृतक के परिजनों को ₹13 लाख की सहायता राशि और पुत्र को नौकरी देने का निर्णय लिया गया।
मृतक की पहचान बर्मामाइंस के भक्तिनगर निवासी सत्य नारायण निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बी शिफ्ट की ड्यूटी समाप्त कर कंपनी गेट से आउट पंच करने के बाद वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल Tata Main Hospital ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक पूर्णिमा साहू ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कंपनी प्रबंधन से टेलीफोन पर वार्ता की और मृतक के परिवार को सम्मानजनक मुआवजा दिलाने की पहल की।
इसी कड़ी में गुरुवार को भक्तिनगर, बर्मामाइंस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधि, मृतक के परिजन, स्थानीय बस्तीवासी, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष रामबाबू तिवारी एवं बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मृतक के परिजनों को ₹13 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही दाह संस्कार एवं श्राद्धकर्म के लिए तत्काल आर्थिक सहयोग दिया जाएगा और मृतक के पुत्र को उसी कंपनी में नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव ने कहा कि इस दुखद घड़ी में विधायक पूर्णिमा साहू और भारतीय जनता पार्टी परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस निर्णय के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, हालांकि घटना को लेकर क्षेत्र में अब भी शोक का माहौल बना हुआ है।









