टाटा कमांड एरिया में संपत्ति रजिस्ट्री शुरू करने की मांग तेज, विधायक पूर्णिमा साहू ने मंत्री रामदास सोरेन को पत्र लिखा

SHARE:

Jamshedpur : टाटा कमांड एरिया में वर्षों से बंद पड़ी संपत्ति रजिस्ट्री प्रक्रिया को फिर से शुरू करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू ने निबंधन विभाग के मंत्री रामदास सोरेन को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।



यह पत्र सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा दिए गए ज्ञापन के आधार पर लिखा गया है, जिसमें चैंबर ने क्षेत्र में रजिस्ट्री प्रक्रिया के ठप रहने से आम नागरिकों, व्यवसायियों एवं निवेशकों को हो रही कठिनाइयों की ओर ध्यान दिलाया था।



अपने पत्र में विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि रजिस्ट्री प्रक्रिया के स्थगित रहने से संपत्ति खरीद-बिक्री में असमर्थता, निर्माण गतिविधियों में रुकावट और राजस्व हानि जैसे कई गंभीर परिणाम सामने आ रहे हैं। इससे क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और निवेश का वातावरण भी अस्थिर हुआ है।



उन्होंने लिखा कि, “टाटा कमांड एरिया में पहले संपत्ति का निबंधन नियमित रूप से होता था, परंतु हाल के वर्षों में यह प्रक्रिया पूरी तरह ठप है, जिससे आमजन में अनिश्चितता है। राज्य सरकार को इससे करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान भी हो रहा है।”



विधायक ने मंत्री से आग्रह किया है कि इस गंभीर समस्या की जांच कर, संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि वे रजिस्ट्री प्रक्रिया को शीघ्र बहाल करें, जिससे क्षेत्र में विकास, व्यापार और नागरिक सुविधा को गति मिल सके।

Leave a Comment