गम्हरिया में स्वदेशी जागरण मंच का चौथा जिला सम्मेलन, नौ प्रखंडों से 200 प्रतिनिधि शामिल

SHARE:

Adityapur : गम्हरिया स्थित सामुदायिक भवन में स्वदेशी जागरण मंच का चौथा जिला सम्मेलन गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के नौ प्रखंडों से आए 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय सह पर्यावरण प्रमुख बन्दे शंकर सिंह शामिल हुए, जबकि प्रान्त प्रचार प्रमुख अमित मिश्रा और प्रान्त विचार विभाग प्रमुख जटाशंकर पाण्डेय सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

उद्घाटन सत्र का संचालन जिला पर्यावरण प्रमुख रश्मी साहू ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रमोद अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत किया गया। स्वागत भाषण जिला संयोजक अजित सिंह ने दिया।

अपने संबोधन में अमित मिश्रा ने कहा कि देश की राजनीतिक स्वतंत्रता में स्वदेशी आंदोलन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 1905 में महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए आंदोलन और शहीद बाबू गेनू के बलिदान का उल्लेख करते हुए स्वदेशी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि बन्दे शंकर सिंह ने कहा कि स्वदेशी ही वह आधार है जिसके माध्यम से भारत को वैभवशाली और समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने विवेकपूर्ण विकास मॉडल, शिक्षा में अनुसंधान को बढ़ावा, और भारतीय कंपनियों को रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर अधिक निवेश करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने के बावजूद भारत प्रति व्यक्ति आय में 142वें स्थान पर है, जिसे सुधारने के लिए स्वदेशी उत्पादों को अपनाना अनिवार्य है।

सम्मेलन में स्वावलंबी भारत अभियान एवं पंच प्रण—सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य बोध—पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मिथिलेश कुमार ने मार्गदर्शन दिया, जबकि राज कुमार शाह ने नए दायित्वों की घोषणा करते हुए आनंद सहदेव को जिला युवा प्रमुख नियुक्त किया।

कार्यक्रम में CBMD संयोजक जे.के.एम. राजू, मंजू ठाकुर, राजपती देवी, पूजा सिंह, विश्व हिंदू परिषद के जे.एन. दास, शिटू गोराई सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजन में अमित सिंहदेव, अल्पना कुमारी, सुनीता मिश्रा और कई अन्य कार्यकर्ताओं का सक्रिय सहयोग रहा।

Leave a Comment