बाल विवाह के खिलाफ किशोरियों की आवाज बुलंद, नुक्कड़ नाटक प्रशिक्षण से बढ़ा आत्मविश्वास

SHARE:

Jamshedpur:बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “यूथ यूनिटी फॉर वालंटरी एक्शन” द्वारा हाता स्थित युवा ऑफिस में दो दिवसीय नुक्कड़ नाटक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 23 से 24 मार्च 2026 तक चले इस प्रशिक्षण में किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामाजिक मुद्दों पर अपनी अभिव्यक्ति को सशक्त बनाया।

“प्रिवेंटिंग टू चाइल्ड मैरिज एंड अर्ली यूनियन” पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना और संचार कौशल को विकसित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नुक्कड़ नाटक की तकनीक, संवाद अदायगी, मंच संचालन और टीमवर्क के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण का संचालन अनुभवी प्रशिक्षक बिक्रम कुमार झा ने किया। उन्होंने किशोरियों को प्रेरित करते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक समाज में जागरूकता फैलाने का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए वे अपनी बात मजबूती से लोगों तक पहुंचा सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अभ्यास सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने समूह बनाकर लघु नाटकों की तैयारी की और उनका प्रस्तुतीकरण किया। इन गतिविधियों से उनमें टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच का विकास हुआ।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण ने उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने और निखारने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि अब वे सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखने में अधिक सक्षम महसूस करती हैं।

प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर चाँदमनी सवैयाँ ने बताया कि यह पहल न केवल किशोरियों के व्यक्तिगत विकास में सहायक है, बल्कि बाल विवाह और अर्ली यूनियन जैसी गंभीर समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के कार्यकर्ता अवंती सरदार, रीला सरदार, किरण सरदार और अरूप मंडल की अहम भूमिका रही।

Leave a Comment