जमशेदपुर में ‘श्रीजनी कार्निवल 2026’ का भव्य आगाज़, बच्चों और महिलाओं की प्रतिभा ने बिखेरा रंग

SHARE:

Jamshedpur:लौहनगरी Jamshedpur में सांस्कृतिक उत्साह के बीच दो दिवसीय “श्रीजनी कार्निवल 2026” का भव्य शुभारंभ शनिवार को सोनारी कागल नगर स्थित काली पूजा कमेटी हॉल में हुआ। इस आयोजन का संचालन सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था बनश्री सरकार एवं ग्रुप द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी Alpana Bhattacharya ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरे परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला, जहां कला, संस्कृति और रचनात्मकता का अनोखा संगम नजर आया।

कार्निवल में शहर की करीब 20 महिलाओं ने अपनी-अपनी प्रदर्शनी लगाई। इन स्टॉल्स पर आकर्षक परिधान, हस्तनिर्मित आभूषण और विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट खाद्य पदार्थों ने आगंतुकों का ध्यान खींचा। महिला उद्यमिता और रचनात्मकता का यह प्रदर्शन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

पहले दिन आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता में 105 बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों की कल्पनाशक्ति और कला कौशल ने सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में राजू मुखर्जी, ब्यूटी तिवारी और तापसी राय उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार को सुबह 8 बजे से नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देवांजली राय चौधरी निर्णायक की भूमिका निभाएंगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को रविवार शाम सम्मानित किया जाएगा।

इस मौके पर बनश्री सरकार, संदीप सिन्हा चौधुरी, शिल्पी सिंह, अभिषेक सिंह, गोबिंद मुखर्जी, शम्पा गांगुली, देबश्री नाग, सोमा सेनगुप्ता, तपती दत्ता, बुलबुल घोष, मौसमी दास और प्रिया शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

“श्रीजनी कार्निवल 2026” न केवल मनोरंजन का मंच बना, बल्कि बच्चों और महिलाओं की प्रतिभा को पहचान देने का सशक्त माध्यम भी साबित हो रहा है।

Leave a Comment