Jamshedpur : देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रहने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जताते हुए सामाजिक संस्था अस्तित्व की ओर से सोनारी स्थित आर्मी कैंप में रक्षाबंधन पर्व भावपूर्ण वातावरण में मनाया गया। संस्था की संस्थापक सह-सचिव मीरा तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सदस्यों ने सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और भाईचारे का संदेश दिया।
इस दौरान संस्था की सदस्यों ने जवानों को मिठाई एवं फल खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। राखी बांधते समय जवानों और संस्था की सदस्यों के बीच आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति और भावनाओं से सराबोर नजर आया।
संस्था की जिलाध्यक्ष अनु चौबे ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं है, बल्कि देश की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि वीर जवान अपने परिवार से दूर रहकर देशवासियों की सुरक्षा के लिए लगातार अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं। उनके साहस, त्याग और समर्पण के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन जी पाते हैं।
उन्होंने कहा कि सैनिक भाइयों की कलाई पर राखी बांधना संस्था की सदस्यों के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। यह रक्षा सूत्र जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता का प्रतीक है।
रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन ने सैनिकों और सामाजिक संस्था के सदस्यों के बीच भाईचारे एवं आत्मीय संबंधों को और मजबूत किया। संस्था की सदस्यों ने जवानों के उज्ज्वल, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में संस्था की सक्रिय सदस्य अनीता तिवारी, ममता चौबे, प्रिया सिंह, मऊ आचार्य और समृद्धि सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।

















