Jamshedpur : धालभूमगढ़ प्रखण्ड के कोकपाड़ा पंचायत स्थित जपका और धाधकीबुनी गांव में गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी सोमेश चन्द्र सोरेन ने तूफानी जनसंपर्क अभियान चलाते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुए स्वागत से भावुक हुए सोमेश सोरेन ने कहा आप सभी का यह अपार स्नेह और विश्वास देखकर मेरे अंदर नई ऊर्जा का संचार हुआ है। मेरे बाबा स्वर्गीय रामदास सोरेन का घाटशिला विधानसभा को नई दिशा देने का जो सपना अधूरा रह गया, उसे पूरा करना अब मेरा संकल्प है।
ग्रामीणों ने शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल तथा रोजगार संबंधी समस्याओं को विस्तार से रखा। सोमेश सोरेन ने उन्हें गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि झामुमो की सरकार बनते ही इन सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय रामदास सोरेन के प्रति ग्रामीणों की गहरी श्रद्धा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। भावनात्मक क्षण तब आया जब ग्रामीण बच्चों ने सोमेश सोरेन के चरण धोकर आशीर्वाद लिया, जिससे वातावरण पूरी तरह भावनात्मक और श्रद्धामय हो उठा।
अंत में ग्रामीणों ने एक स्वर में झामुमो प्रत्याशी सोमेश चन्द्र सोरेन को पूर्ण समर्थन देने का संकल्प लिया और उनके विजय की मंगलकामना की।









