मासिक लोक अदालत में 106 मामलों का निपटारा, 20 लाख रुपये से अधिक की समझौता राशि

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में शनिवार को सिविल कोर्ट जमशेदपुर एवं घाटशिला में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) के निर्देशानुसार मासिक लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया।

डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि लोक अदालत में त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के मामलों की सुनवाई की गई। विशेष रूप से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए अलग से विशेष लोक अदालत पीठ का गठन किया गया था।

लोक अदालत के दौरान यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े 21 मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान किया गया, जिसमें कुल 16 लाख 90 हजार रुपये की समझौता राशि तय हुई। वहीं, बैंकिंग मामलों समेत विभिन्न श्रेणी के कुल 106 मामलों का निपटारा किया गया। इन मामलों में कुल 20 लाख 2 हजार 685 रुपये की रिकवरी/समझौता राशि दर्ज की गई।

त्वरित सुनवाई और अधिक से अधिक मामलों के निपटारे के लिए जमशेदपुर एवं घाटशिला सिविल कोर्ट परिसर में कुल 10 न्यायपीठों (बेंच) का गठन किया गया था।

मासिक लोक अदालत में बिजली, पानी, बैंकिंग एवं एक्साइज एक्ट से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। इससे संबंधित पक्षकारों को लंबे समय तक चलने वाली कानूनी प्रक्रिया से राहत मिली और आपसी सहमति के आधार पर विवादों का समाधान संभव हुआ।

डालसा की ओर से आयोजित इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना तथा आपसी सहमति से लंबित विवादों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें