Manoharpur:एसआईआर स्कूल थोलकोबाद में मंगलवार से प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के सभी कोटि के शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय क्षमता आकलन परीक्षा (टीएनए) की औपचारिक शुरुआत हुई। शिक्षकों के कौशल एवं विषयगत दक्षता के मूल्यांकन के उद्देश्य से आयोजित इस परीक्षा ने पूरे परिसर में एक शैक्षणिक माहौल पैदा कर दिया।
आकलन प्रक्रिया दो सत्रों में संचालित की गई, जिसमें अंग्रेजी, हिंदी, गणित और विज्ञान विषयों पर शिक्षकों की समझ और योग्यता की जाँच की गई।
कार्यक्रम की निगरानी कर रहे बीपीओ संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा टीचर नीड्स असेसमेंट (Teacher Needs Assessment – TNA) राउंड 2 की राज्यव्यापी शुरुआत आज से हो चुकी है। यह मूल्यांकन 18 से 20 नवंबर 2025 तक चलेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया कक्षा 1 से 12 तक के सभी शिक्षकों के लिए अनिवार्य है। इसका उद्देश्य शिक्षकों की वास्तविक प्रशिक्षण आवश्यकताओं की पहचान करना है, ताकि भविष्य में प्रशिक्षण मॉड्यूल अधिक प्रभावी और जमीनी स्तर पर उपयोगी साबित हो सकें।
श्रेणीवार आकलन का समय निर्धारण
प्रथम सत्र: प्रातः 10:00 बजे — 12:30 बजे
द्वितीय सत्र: अपराह्न 02:00 बजे — 04:30 बजे
टीएनए के परिणाम जिला एवं राज्य स्तर पर शिक्षा गुणवत्ता सुधारने की दिशा तय करेंगे, साथ ही शिक्षकों की क्षमता निर्माण के आगामी कार्यक्रम भी इसी के आधार पर तैयार किए जाएंगे।
कार्यक्रम में बीपीओ संतोष कुमार गुप्ता, एमआईएस दीपक कुमार, बीआरपी यशवंत कटियार, एसएस प्रदीप कुमार, बीआरपी शिल्पा कुमारी, आरटी कामदेव महतो, कंप्यूटर ऑपरेटर लक्ष्मी महतो, एमडीएम ऑपरेटर जोलेन होरो, सीआरपी सुभाष मंडल, निरंजन गोप समेत कई शिक्षाकर्मी मौजूद रहे।









