Seraikela:सीनी ओपी क्षेत्र स्थित पंपु तालाब में मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रोजमर्रा की तरह तालाब पर पहुंचे ग्रामीणों की नजर जब पानी में तैरते शव पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आशंका का माहौल बन गया है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और सीनी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को बाहर निकाला गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर शिनाख्त की कोशिश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर पंपु तालाब की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यही तालाब रेलवे के करीब 2000 क्वार्टरों को जलापूर्ति करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब के चारों ओर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही, 23 मार्च को मेंस यूनियन ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा को तालाब के चारों ओर चारदीवारी निर्माण के लिए आवेदन सौंपा था। यूनियन का कहना था कि सुरक्षा और स्वच्छता के लिहाज से यह बेहद जरूरी है।
अब तालाब में शव मिलने के बाद रेलवे कॉलोनी के निवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों को पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंता सता रही है और जलापूर्ति बाधित होने की आशंका भी जताई जा रही है। स्थानीय निवासियों ने रेलवे प्रशासन से जल्द पानी की जांच कराने और वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।









