रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने सिंहभूम चैम्बर की ‘महासचिव फोटो गैलरी’ का किया उद्घाटन, ‘स्वदेशी अपनायें’ पोस्टर भी हुआ लॉन्च

SHARE:

Jamshedpur : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लेटिनम जुबिली वर्ष के तहत शनिवार को चैम्बर भवन में ‘महासचिव फोटो गैलरी’ का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गैलरी का अनावरण किया। साथ ही उन्होंने ‘स्वदेशी अपनायें, आत्मनिर्भर भारत बनायें’ पोस्टर का विमोचन कर आम लोगों को देशी उत्पादों के इस्तेमाल हेतु प्रेरित किया।

चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि महासचिवों ने चैम्बर की नींव से लेकर वर्तमान तक व्यापारी और उद्यमी हितों के लिए जो कार्य किए हैं, उन्हें स्मरण और सम्मान देने के उद्देश्य से इस गैलरी का निर्माण किया गया है। इससे पहले 2023 में पूर्व अध्यक्ष फोटो गैलरी का भी अनावरण किया गया था।

रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि चैम्बर ने हमेशा व्यापारी और उद्योग जगत की समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने में सेतु का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व महासचिवों का योगदान भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि रक्षा मंत्रालय द्वारा 19 से 21 सितंबर को रांची में डिफेंस एक्सपो आयोजित किया जाएगा, जिसमें झारखंड के उद्यमियों और व्यवसायियों को रक्षा उत्पादन क्षेत्र में संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।

इस मौके पर पूर्व महासचिवों एवं दिवंगत महासचिवों के परिजनों को भी मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं, आम जनता में स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष पोस्टर भी लॉन्च किया गया, जिसे शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाया जाएगा।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, सचिव भरत मकानी, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया, पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर केडिया, ए.के. श्रीवास्तव, निर्मल काबरा, प्रभाकर सिंह, भरत वसानी समेत बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Comment