महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा, 26 अक्टूबर से सिंहभूम चैम्बर में सजेगा दीपावली ट्रेड फेयर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से दीपावली ट्रेड फेयर का आयोजन किया जा रहा है। मेले का उद्घाटन सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:15 बजे बिष्टुपुर स्थित चैम्बर भवन में होगा। उद्घाटन समारोह में चैम्बर के पूर्व अध्यक्षों की धर्मपत्नियां विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

चैम्बर के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने बताया कि ट्रेड फेयर का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन देने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।

एक ही छत के नीचे मिलेंगे दीपावली के कई विकल्प

दीपावली ट्रेड फेयर में खरीदारी के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें मिट्टी के दीये और मूर्तियां, गोबर से निर्मित दीये एवं मूर्तियां, असली और आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कुर्तियां, विभिन्न प्रकार के पौधे, बांस से बनी उपयोगी एवं सजावटी वस्तुएं और घरों को सजाने के लिए आकर्षक सामान उपलब्ध होंगे। इसके अलावा लड्डू गोपाल के सुंदर वस्त्र एवं पोशाक तथा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी मेले का आकर्षण होंगे।

यह आयोजन शहरवासियों को दीपावली की खरीदारी के लिए एक ही स्थान पर कई विकल्प उपलब्ध कराने के साथ महिला उद्यमियों, हस्तशिल्प निर्माताओं और छोटे व्यवसायियों को अपने उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर देगा। पारंपरिक और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं त्योहारों की परंपराओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

तीन दिनों तक चलेगा मेला

दीपावली ट्रेड फेयर 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। चैम्बर ने शहरवासियों से सपरिवार मेले में पहुंचने, महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने और दीपावली की खरीदारी कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

आयोजन को सफल बनाने में चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत कौंटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), हर्ष बांकरेवाल, सचिव भारत मकानी, विनोद शर्मा, अंशुल रिंगासिया, सुरेश शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगासिया और समन्वयक सुमन नागेलिया सहित चैम्बर के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.