Jamshedpur:आस्था और श्रद्धा के महापर्व चैती छठ को लेकर जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर समिति ने 22 से 25 मार्च तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय पर्व को लेकर व्यापक तैयारियों का खाका तैयार कर लिया है।
सोमवार को समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में समिति के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की उपस्थिति ने तैयारियों को और गति दी।
समिति के अनुसार, छठ व्रतियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मंदिर परिसर स्थित दोनों तालाबों की साफ-सफाई कर स्वच्छ जल भरने का काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही पूरे परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सुखद वातावरण मिल सके।
व्रतियों के लिए विशेष सेवा शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां अर्घ्य के दौरान दूध, अगरबत्ती, चाय सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। 24 मार्च को संध्या अर्घ्य के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच शर्बत वितरण किया जाएगा, जबकि 25 मार्च की सुबह उषा अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। समिति प्रशासन के सहयोग से भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रही है।
बैठक में अमरजीत सिंह राजा, सुशांत पांडा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, बंटी अग्रवाल, कृष्णमोहन सिंह, कंचन दत्ता, प्रेम झा और प्रमोद मिश्रा समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।
चैती छठ को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु इस पावन पर्व की तैयारियों में जुट गए हैं।









