कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी नहीं हुई तो 3 फरवरी को होगा मौन विरोध प्रदर्शन : विधायक सरयू राय

SHARE:

Jamshedpur:जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सर्किट हाउस एरिया निवासी युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले को लेकर विधायक सरयू राय ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी नहीं होती, तो 3 फरवरी 2026 (मंगलवार) को जमशेदपुर में मौन विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

विधायक सरयू राय ने कहा कि कैरव गांधी 13 जनवरी से लापता हैं और उनके अपहरण के बाद परिजनों को फिरौती के लिए फोन कॉल भी आया है। उन्होंने कहा कि भले ही पुलिस और प्रशासन द्वारा कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही हो, लेकिन अब तक कोई ठोस एवं सार्वजनिक जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे शहर में भ्रम और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में पुलिस महानिदेशक के जमशेदपुर आगमन से लोगों को उम्मीद जगी थी कि मामले में कोई बड़ा खुलासा होगा, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिला है। इस घटना का असर विशेष रूप से उद्यमियों और व्यवसायियों पर पड़ा है, जिनके बीच भय और असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है।

विधायक सरयू राय ने घोषणा की कि यदि समय रहते कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित नहीं की गई, तो 3 फरवरी को गांधी घाट से उपायुक्त कार्यालय तक मौन जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान प्रदर्शनकारी मुंह पर पट्टी बांधकर हाथों में तख्तियां लेकर प्रशासन के प्रति अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

उन्होंने जमशेदपुर के सभी सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संगठनों से इस शांतिपूर्ण आंदोलन में शामिल होने की अपील की। सरयू राय ने कहा कि यह आंदोलन न केवल पीड़ित परिवार के दर्द को स्वर देने के लिए है, बल्कि शहर की कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने की मांग को भी सामने लाएगा।
अंत में उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस गंभीर मुद्दे पर एकजुट होकर कार्यक्रम में भाग लें और कैरव गांधी की शीघ्र एवं सकुशल वापसी सुनिश्चित कराने में अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Comment

और पढ़ें